मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जिले में अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में आगामी 28 जून को चतरा कॉलेज स्थित मल्टी पर्पस हॉल में बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर हुई जिला स्तरीय बैठक
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को झामुमो युवा मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राहुल कुमार यादव ने की। बैठक में 28 जून को होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया, ताकि बूथ स्तर तक कार्यक्रम की प्रभावी तैयारी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जिले के सभी प्रखंडों से अधिक से अधिक संख्या में बीएलए, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लें। इसके लिए प्रखंड एवं बूथ स्तर पर संपर्क अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
लोकतंत्र की आधारशिला है मतदाता सूची : राहुल यादव
बैठक को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राहुल कुमार यादव ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित कारण के मतदाता सूची से हट जाता है, तो यह उसके संवैधानिक अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसलिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के दौरान सभी बीएलए को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी।